जामुड़िया के इकड़ा बसंती क्लब द्वारा रविन्द्र-नजरुल जयंती पर रक्तदान शिविर एवं मेधावी छात्रों का सम्मान समारोह आयोजित,विधायक बिजन मुख़र्जी हुए शामिल

जामुड़िया। जामुड़िया विधानसभा अंतर्गत इकड़ा बसंती क्लब की ओर से रविन्द्र-नजरुल जयंती के अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य रक्तदान शिविर एवं छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, युवा कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्घाटन जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी एवं प्रदीप जला द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए कहा कि रक्तदान एक महान मानवीय कार्य है, जिससे अनगिनत लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होकर उन्हें गर्व और खुशी का अनुभव होता है।विधायक ने कहा कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए युवाओं को आगे आकर रक्तदान जैसे सेवा कार्यों में भाग लेना चाहिए। उन्होंने रक्तदाताओं को सम्मानित करते हुए उनके समाजसेवा के जज़्बे की सराहना की और कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं होता। कार्यक्रम के दौरान माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक परीक्षा देने वाले छात्रों का विशेष रूप से स्वागत एवं सम्मान किया गया। इकड़ा बसंती बिजया हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि छात्र ही देश और समाज का भविष्य हैं। उनकी शिक्षा, मेहनत और लगन आने वाले समय में समाज को नई दिशा देने का कार्य करेगी। उन्होंने सभी परीक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं सफलता की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया। साथ ही आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इस प्रकार के समाजसेवी एवं शैक्षणिक कार्यक्रम लगातार आयोजित होते रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों के बीच झालमुड़ी का वितरण भी किया गया, जिससे आयोजन का माहौल और अधिक उत्साहपूर्ण बन गया। रक्तदान शिविर में कुल 42 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष दीप बनर्जी, भाजपा नेता बृजमोहन पासवान, इकड़ा बसंती क्लब के संखदीप बनर्जी, सुमन चटर्जी, अर्णब चटर्जी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। आयोजन के अंत में क्लब की ओर से सभी अतिथियों, रक्तदाताओं एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *