रेलवे फ्रेट व्यवस्था को आधुनिक और जवाबदेह बनाने पर कैट की रेल मंत्री से महत्वपूर्ण बैठक

लॉजिस्टिक्स लागत कम करने और MSMEs को सशक्त बनाने पर हुई विस्तृत चर्चा

नई दिल्ली। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सुभाष अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि सांसद एवं कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली स्थित रेल भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में बिश्वनाथ अग्रवाला, सिद्धी जैन सहित व्यापार जगत के अनेक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान रेलवे फ्रेट प्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने सहित व्यापार और उद्योग से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने माल ढुलाई व्यवस्था में सुधार, प्रक्रियाओं के सरलीकरण तथा व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।


प्रवीण खंडेलवाल ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने व्यापारिक संगठनों की सभी चिंताओं को गंभीरता से सुना और समाधान आधारित सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि रेलवे फ्रेट व्यवस्था में सुधार से देश की लॉजिस्टिक्स लागत कम होगी, जिससे MSMEs, उद्योगों और व्यापारिक गतिविधियों को नई मजबूती मिलेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार और व्यापारिक संगठनों के संयुक्त प्रयासों से एक अधिक संवेदनशील, आधुनिक और सक्षम परिवहन व्यवस्था विकसित की जा सकती है, जो भारत की आर्थिक प्रगति को नई गति प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *