
आसनसोल।पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार की मध्य रात्रि लोको मैदान के पास छापेमारी कर अंतर्राज्यीय आर्म्स डीलर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुर्गापुर के नईम नगर निवासी फिरोज खान तथा रेलपार बबुआ तालाब निवासी मोहम्मद सोनू के रूप में हुई है। पुलिस ने बुधवार को दोनों आरोपियों को आसनसोल सीजीएम अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 7 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
संयुक्त छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से दो 9 एमएम पिस्टल, दो पाइप गन, 30 राउंड जिंदा कारतूस तथा 1570 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी बिहार के मुंगेर से हथियार लाकर आसनसोल के रेलपार इलाके में आपराधिक गिरोहों को सप्लाई करने की तैयारी में थे। इससे पहले ही STF और पुलिस ने जाल बिछाकर दोनों को धर दबोचा।
पुलिस का मानना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती, तो इन हथियारों के जरिए क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया जा सकता था, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी।
राज्यभर में चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक कुल 10 आग्नेयास्त्र, जिनमें 7 एमएम की 8 पिस्टल शामिल हैं, तथा 150 राउंड गोलियां बरामद की गई हैं। अलग-अलग स्थानों से कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
इधर, पुरुलिया जिले के झालदा थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए झारखंड के तीन बदमाशों को एक हथियार और चार कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी डकैती की योजना बना रहे थे।
इस अभियान में अवर निरीक्षक बिस्वरूप राय, सफीकुल इस्लाम तथा सहायक अवर निरीक्षक धीमान दत्त की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस पूरे हथियार तस्करी नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है तथा मामले के मुख्य सरगना और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
