
आसनसोल। आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के डामरा बालू घाट से जुड़े कथित अवैध बालू तस्करी मामले में पुलिस ने जांच का दायरा और तेज कर दिया है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपी विवेक चक्रवर्ती को रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद सोमवार को एक बार फिर आसनसोल कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले की तह तक पहुंचने के लिए लगातार पूछताछ की जा रही है तथा उससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है। इलाके में विवेक चक्रवर्ती का नाम लंबे समय से कथित बालू कारोबार और अवैध तस्करी गतिविधियों से जोड़ा जाता रहा है। जांच एजेंसियों का मानना है कि डामरा बालू घाट के माध्यम से एक संगठित नेटवर्क संचालित किया जा रहा था, जिसमें कई लोगों की संलिप्तता हो सकती है। पुलिस को पूछताछ के दौरान कुछ अहम जानकारियां मिली हैं, जिसके आधार पर संभावित आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, विवेक चक्रवर्ती से पूछताछ में कई ऐसे नाम सामने आए हैं, जिनका संबंध कथित अवैध बालू कारोबार और सिंडिकेट संचालन से बताया जा रहा है। जांच टीम अब उन लोगों की गतिविधियों और आर्थिक लेन-देन की भी जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस विभिन्न ठिकानों पर नजर बनाए हुए है और जल्द ही मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकती है।सूत्रों की मानें तो डामरा बालू घाट क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बालू उत्खनन और तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं। प्रशासन को लगातार सूचना मिल रही थी कि नियमों को दरकिनार कर रात के अंधेरे में बालू की ढुलाई की जा रही है। इसी के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की थी। आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस का कहना है कि अवैध बालू कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस जल्द ही इस संबंध में और खुलासे कर सकती है।
