
कोलकाता, 18 मई। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने सोमवार को केरल में शपथ लेने वाली नई यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) सरकार को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर संदेश जारी कर नवनियुक्त मुख्यमंत्री वीडी सतीशन और उनकी सरकार को बधाई दी।
ममता बनर्जी ने अपने संदेश में कहा कि आज केरल में शपथ लेने वाली मुख्यमंत्री वीडी सतीशन के नेतृत्व वाली यूडीएफ सरकार को बधाई। केरल की जनता की सेवा में नई सरकार को बड़ी सफलता की शुभकामनाएं।
सोमवार को तिरुवनंतपुरम में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता वीडी सतीशन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही कांग्रेस नीत यूडीएफ गठबंधन ने लगभग एक दशक बाद केरल की सत्ता में वापसी की है।
वीडी सतीशन लंबे समय से केरल की राजनीति में कांग्रेस का प्रमुख चेहरा रहे हैं। उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में विधानसभा में विपक्ष के नेता के रूप में सक्रिय भूमिका निभाई थी। हालिया विधानसभा चुनाव में यूडीएफ ने 140 सदस्यीय विधानसभा में स्पष्ट बहुमत हासिल कर वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार को सत्ता से बाहर कर दिया।
नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में कई राष्ट्रीय नेताओं की मौजूदगी रही। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि केरल में यूडीएफ की वापसी राष्ट्रीय राजनीति में कांग्रेस के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश के रूप में देखी जा रही है।
