
इंद्रधनुषी गोलाकार रेखाओं के बीच नजर आए सूर्य देवता, लोग हुए रोमांचित
आसनसोल। पश्चिम बंगाल के आसनसोल में शुक्रवार को एक दुर्लभ और मनमोहक प्राकृतिक खगोलीय घटना देखने को मिली। आसमान में सूर्य के चारों ओर इंद्रधनुषी गोलाकार रेखाएं बन गईं, जिसके बीचों-बीच सूर्य देवता चमकते दिखाई दिए। इस अनोखे दृश्य को देखकर लोग आश्चर्यचकित और रोमांचित हो उठे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आसमान में अचानक सूर्य के चारों ओर गोलाकार इंद्रधनुष जैसा घेरा बन गया, जो कुछ समय तक स्पष्ट रूप से दिखाई देता रहा। कई लोगों ने इस अद्भुत दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह घटना वातावरण में मौजूद बर्फीले कणों पर सूर्य की किरणों के परावर्तन और अपवर्तन के कारण बनती है। इसे वैज्ञानिक भाषा में “सन हेलो” (Sun Halo) कहा जाता है। यह एक प्राकृतिक खगोलीय घटना है, जो मौसम में बदलाव का संकेत भी मानी जाती है।
आसनसोल में इस दुर्लभ नजारे ने लोगों के बीच उत्सुकता और चर्चा का माहौल बना दिया। कई लोगों ने इसे प्रकृति का अद्भुत चमत्कार बताया।
