
रानीगंज। पश्चिम बर्धमान जिले में आगामी मतदान की तिथि नजदीक आते ही प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को रानीगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड संख्या 35 के संवेदनशील इलाकों का उच्चस्तरीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्तालय के पुलिस आयुक्त (सीपी) तथा पश्चिम बर्धमान के जिलाधिकारी एस. पुन्नबलम ने स्थिति का जायजा लिया। इस निरीक्षण के दौरान उनके साथ डीसी सेंट्रल ध्रुपदास, एसीपी विमान कुमार मृधा, रानीगंज थाना प्रभारी (ओसी) सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवान भी मौजूद रहे। अधिकारियों की टीम ने वार्ड संख्या 35 के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया और स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित किया। निरीक्षण के दौरान प्रशासन की ओर से आम नागरिकों को आश्वस्त किया गया कि वे बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग करें। साथ ही यह भी कहा गया कि यदि किसी प्रकार की समस्या या आशंका उत्पन्न होती है, तो तत्काल स्थानीय पुलिस प्रशासन को इसकी सूचना दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।जिलाधिकारी एस. पुन्नबलम ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में जिन क्षेत्रों में मतदान के दौरान या उसके बाद अशांति की घटनाएं सामने आई थीं, उन्हें विशेष रूप से चिन्हित कर इस बार अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है और संवेदनशील क्षेत्रों में केंद्रीय बलों द्वारा नियमित रूप से रूट मार्च किया जा रहा है। वहीं, स्थानीय निवासी रोहित मीर ने बताया कि वर्ष 2021 के चुनाव के दौरान क्षेत्र में कुछ अशांति की घटनाएं हुई थीं, लेकिन उस समय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया था। उन्होंने कहा कि इस बार अब तक का माहौल काफी शांतिपूर्ण है और किसी प्रकार की डराने-धमकाने की घटना सामने नहीं आई है। हालांकि, भविष्य में यदि ऐसी कोई स्थिति उत्पन्न होती है, तो वे निश्चित रूप से प्रशासन को सूचित करेंगे। मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए प्रशासन द्वारा की जा रही इस सक्रियता से क्षेत्र के लोगों में विश्वास का वातावरण बना है। अब सभी की निगाहें आगामी मतदान प्रक्रिया पर टिकी हैं, जहां सुरक्षा और व्यवस्था की यह तैयारियां महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
