जामुड़िया में गैस संकट पर फूटा जनाक्रोश, सड़क जाम कर किया जोरदार प्रदर्शन

जामुड़िया। जामुड़िया क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत को लेकर आम जनता का आक्रोश बुधवार को सड़कों पर फूट पड़ा। गैस सिलेंडर की लगातार कमी और कथित कालाबाजारी के विरोध में लोगों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से रसोई गैस की आपूर्ति बाधित है, जिसके कारण गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गैस की कालाबाजारी खुलेआम हो रही है, लेकिन प्रशासन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। इसी बीच आंदोलन स्थल पर माकपा (सीपीआईएम) के उम्मीदवार कॉमरेड शब्बीर हुसैन पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने आम जनता के समर्थन में खड़े होते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार देश में गैस की पर्याप्त उपलब्धता का दावा करती है, जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है और आम लोगों को गैस के लिए भटकना पड़ रहा है। कॉमरेड शब्बीर हुसैन ने गैस वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता लाने की मांग करते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन के कारण क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। गौरतलब है कि जामुड़िया में गैस संकट को लेकर बढ़ता जनाक्रोश प्रशासन के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *