
कोलकाता, 10 अप्रैल । पश्चिम बंगाल में राशन वितरण की कथित अनियमितताओं के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार सुबह statewide छापेमारी अभियान शुरू किया। कोलकाता, हावड़ा, बनगांव और मुर्शिदाबाद समेत कुल 12 स्थानों पर तलाशी ली जा रही है।
जांच एजेंसी राशन वितरण प्रक्रिया और इससे जुड़े वित्तीय लेनदेन की गहन पड़ताल कर रही है। कोलकाता के बसंत कुमार रोड पर एक व्यवसायी के आवास पर ईडी अधिकारी सुबह पहुंचे। यहां राशन वितरण के तौर-तरीकों और आपूर्ति नेटवर्क पर पूछताछ हो रही है। शहर के पोद्दार कोर्ट और मिंटो पार्क इलाकों में भी छापे जारी हैं।
इसी क्रम में रानीगंज में चावल व्यापारी अजय कोयाल के घर पर भी छापा पड़ा। अजय का चावल कारोबार राज्य के अलावा देश-विदेश तक फैला है। केंद्रीय बलों के साथ चार वाहनों में पहुंचे ईडी अधिकारियों ने उनके आवास पर तलाशी शुरू की। इस कार्रवाई को राशन घोटाले में अहम माना जा रहा है, और इससे बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
