
आसनसोल। अग्निमित्रा पाल ने आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के निमचा गांव में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। जनसंपर्क अभियान के दौरान अग्निमित्रा पाल ने राज्य की मौजूदा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि “बंगाल की जनता अब परिवर्तन चाहती है और विकास के साथ आगे बढ़ने के लिए तैयार है।” उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कई विकास परियोजनाएं ठप पड़ी हैं और आम नागरिकों को बुनियादी सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा को सत्ता में आने का अवसर मिलता है, तो आसनसोल दक्षिण क्षेत्र में विकास, रोजगार और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में सड़कों, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों और समर्थकों मे उत्साह देखी गई, जिससे क्षेत्र में चुनावी माहौल और अधिक सक्रिय होता नजर आया। जनसंपर्क अभियान के दौरान लोगों के समक्ष विधायक ने अपनी बात रखीं, ज्ञात हो कि आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट पर इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प होने की संभावना है, जहां भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के बीच सीधा टक्कर माना जा रहा है। चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे सभी दलों ने अपने-अपने प्रचार अभियान को तेज कर दिया है, जिससे पूरे क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है।
