
आसनसोल। पश्चिम बर्दवान जिले के बाराबनी विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस द्वारा आयोजित एक जनसभा में पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सांसद अभिषेक बनर्जी ने शिरकत की। यह सभा बाराबनी से तृणमूल उम्मीदवार विधान उपाध्याय के समर्थन में आयोजित की गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम लोग उपस्थित रहे। सभा को संबोधित करते हुए अभिषेक बनर्जी ने आगामी 4 तारीख को होने वाले मतदान को लेकर लोगों से तृणमूल कांग्रेस के चुनाव चिन्ह “जोड़ा फूल” के पक्ष में भारी मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता इस तरह मतदान करे कि जब बैलेट बॉक्स खुले तो चारों ओर सिर्फ “जोड़ा फूल” ही दिखाई दे। अपने भाषण में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए महंगाई को प्रमुख मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद देश में महंगाई लगातार बढ़ी है, जिससे आम जनता का जीवन प्रभावित हुआ है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जो गैस सिलेंडर पहले 400 रुपये में मिलता था, वह अब 1000 रुपये से अधिक हो गया है और कई जगहों पर कालाबाजारी में 2000 रुपये से भी ऊपर बिक रहा है। इसी तरह चायपत्ती, दूध और जीरा जैसी आवश्यक वस्तुओं के दामों में भी भारी वृद्धि हुई है। उनके अनुसार, चायपत्ती का दाम 130 रुपये से बढ़कर 360-370 रुपये, दूध 27 रुपये से बढ़कर 62-64 रुपये प्रति किलो और जीरा 140 रुपये से बढ़कर 350 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। अभिषेक बनर्जी ने कहा कि महंगाई की मार झेल रही जनता को अब सोच-समझकर फैसला लेना होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ऐसी सरकार को वोट न दें, जिसकी नीतियों के कारण रोजमर्रा की जरूरतें महंगी होती जा रही हैं। सभा के अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि बाराबनी की जनता तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में मतदान कर विकास और जनकल्याण की नीतियों को आगे बढ़ाने का काम करेगी।
