दुर्गापुर पूर्व से तृणमूल उम्मीदवार प्रदीप मजूमदार के समर्थन में लिखे दीवार लेखन बिगाड़ने को लेकर बवाल, तृणमूल ने भाजपा पर लगाया आरोप, भाजपा ने किया खंडन

दुर्गापुर। दुर्गापुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे राजनीतिक माहौल भी गरमाता जा रहा है। इसी बीच तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार प्रदीप मजूमदार के समर्थन में लिखे गए दीवार लेखन को कथित रूप से नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
घटना कांकसा के जाटगोरिया इलाके की बताई जा रही है, जहां शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने देखा कि कई दीवारों पर लिखे गए प्रचार नारों पर गोबर लिपा हुआ है। यह दीवार लेखन प्रदीप मजूमदार के समर्थन में किया गया था। घटना के सामने आते ही तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी आक्रोश फैल गया।
तृणमूल कार्यकर्ताओं का आरोप है कि भाजपा समर्थित असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर इस तरह की हरकत की है, ताकि इलाके में तनाव का माहौल बनाया जा सके। उनका कहना है कि न केवल दीवार लेखन को खराब किया गया, बल्कि कई स्थानों पर लगाए गए पार्टी के झंडे भी हटा दिए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही कांकसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, इन आरोपों को खारिज करते हुए दुर्गापुर पूर्व से भाजपा उम्मीदवार चंद्रशेखर बंद्योपाध्याय ने कहा कि भाजपा इस प्रकार की राजनीति में विश्वास नहीं रखती। उन्होंने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि तृणमूल समर्थकों ने ही उनके पार्टी के झंडे कांकसा के आड़ा इलाके में फाड़े हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में भाजपा की ओर से चुनाव आयोग को लिखित शिकायत भी दर्ज कराई गई है। भाजपा उम्मीदवार का दावा है कि यह घटना तृणमूल कांग्रेस के अंदरूनी गुटबाजी का परिणाम है, जिसमें एक पक्ष दीवारों को नुकसान पहुंचा रहा है, तो दूसरा पक्ष पोस्टर और फ्लेक्स हटा रहा है। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार के विवाद या हिंसा से दूर रहने की अपील की। फिलहाल इस घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और सभी की नजर पुलिस की जांच पर टिकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *