
कोलकाता, 1 अप्रैल । तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख नेता व पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भवानीपुर विधानसभा सीट से 8 अप्रैल को नामांकन दाखिल कर सकती हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, वे कालीघाट स्थित अपने आवास से रैली निकालकर गोपालनगर सर्वे भवन पहुंचेंगी, जहां नामांकन प्रक्रिया पूरी करेंगी।
इस रैली में तृणमूल के प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत बक्शी, कोलकाता महानगर निगम के मेयर व नगर विकास मंत्री फिरहाद हकीम (बॉबी) तथा दक्षिण कोलकाता इकाई के अध्यक्ष देवाशीष कुमार सहित भवानीपुर के सभी तृणमूल पार्षद शामिल हो सकते हैं।
उधर, भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर में प्रचार अभियान तेज कर दिया है, जबकि ममता ने अभी औपचारिक रूप से शुरुआत नहीं की। पार्टी सूत्र बताते हैं कि नामांकन के बाद तृणमूल पूरे दम से प्रचार में उतरेगी। विभिन्न वार्डों में रैलियां व बैठकें होंगी, जिसमें शीर्ष नेता भी सहयोग करेंगे।
विशेष फोकस वार्ड नंबर 73 पर है। यहां 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर पहली बड़ी सभा हो सकती है। उसके बाद अंतिम चरण तक निरंतर गतिविधियां चलेंगी। फिलहाल स्थानीय नेतृत्व संगठन को मजबूत करने में जुटा है।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे—पहला चरण 23 अप्रैल और दूसरा 29 अप्रैल को। भवानीपुर दूसरे चरण में आता है। अधिसूचना 2 अप्रैल को जारी होगी, नामांकन की अंतिम तिथि 9 अप्रैल है।
