
कोलकाता/आसनसोल, 1 अप्रैल (शंकर जालान)। श्री बिहारीजी सेवा समिति (आसनसोल) का 24वां बसंतोत्सव रविवार (5 अप्रैल) को मनाया जाएगा। सेवा समिति की ओर से बताया गया कि गुजरात भवन में दोपहर दो बजे से श्री बिहारीजी महाराज और श्री पुरुषोत्तमदास बाबा का भव्य दरबार सजाया जाएगा। इस दौरान अखंड ज्योत और छप्पन भोग के समक्ष सेवा समिति के सदस्यों और बाबा सेवकों के अलावा मनोहर व्यास, परितोष व मिनी प्रीतम भजन रस की सरिता प्रवाहित करेंगे। राकेश जालान और रमेश जालान ने बताया कि बसंतोत्सव में शामिल होने गुड़गांव, बासुपट्टी, चाईबासा, रांची, चास, बोकारो, धनवाद, देवघर, दुमका, मुजफ्फरपुर और कोलकाता के अलावा कई शहरों से बाबा के भक्त आसनसोल पहुंच रहे हैं। रात नौ बजे महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ महोत्सव को विराम दिया जाएगा। उक्त धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में रितेश जालान, विकास जालान व संजय जालान के अलावा सेवा समिति के तमाम पदाधिकारी व सदस्य सक्रियता से डटे हैं।
