
कोलकाता, 31 मार्च। तृणमूल के साथ आज एक बहुत बड़ा खेला हो गया। महान खिलाड़ी लियेण्डर पेस तृणमूल को छोड़कर आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये। उन्होंने नयी दिल्ली में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। ज्ञातव्य है कि 2021 में श्री पेस ने गोवा में तृणमूल का झंडा थामा था। एक तरह से बंगाल चुनाव के लिए वोट से पहले भाजपा का यह कदम मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि पिछले चुनाव में टीएमसी का एक नारा ” खेला होबे ” काफी लोकप्रिय हुआ था, जो आज भी लोगों की जबान पर है।
सदस्यता ग्रहण करने के पश्चात श्री पेस ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी व उनकी टीम ने खेलो इण्डिया के माध्यम से खेल जगत की उन्नति के प्रति उनकी सोच तथा उसके क्रियान्वयन से प्रेरित होकर मैंने यह कदम उठाया है। दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी से जुड़ कर मैं गौरवान्वित हूं। साथ ही मुझे आशा है कि 40 वर्षों तक खेल जगत की सेवा करने के बाद अब समाज सेवा के अन्य रूपों में भी कार्य कर पाऊंगा। उन्होंने कहा कि भारत के पास विश्व की सबसे बड़ी युवा शक्ति है। यदि हम अन्य देशों की भांति आधुनिक वैज्ञानिक तरीके से युवा वर्ग को खेलों में प्रशिक्षित करें तो आगामी ओलम्पिक खेलों में दर्जनों पदक लाना मामूली बात है।
हम सभी जानते हैं कि यह राज्य खेल प्रेमी है विशेषकर युवा वर्ग । इस वर्ग की महिलाओं व पुरुषों को यदि श्री पेस यह समझा पाये कि विभिन्न खेलों के आधुनिक तरीके सीख कर न सिर्फ वे इन खेलों में देश में शीर्ष स्थान पर जा सकते हैं, बल्कि ओलम्पिक में भी पदक पा सकते हैं। खेल युवाओं को न सिर्फ अच्छा रोजगार दे सकता है, बल्कि समाज में सम्मान के साथ जीने का अवसर दे सकता है। श्री पेस के साथ सबसे बड़ी सुविधा है कि वे बंगाल में पैदा हुए हैं । उनकी मां भी बंगालिन हैं। अतः वे बंगला भाषा बहुत अच्छी तरह बोलते हैं और समझते हैं। इस समय भाजपा के केन्द्रीय व अन्य राज्यों के नेताओं के समक्ष सबसे बड़ी समस्या है कि वे अपनी बातें गांवों व पिछड़ा इलाकों में बूथ लेबल पर अपनी बातें या भाजपा के जनहित कार्य ठीक से बता नहीं पा रहे। श्री पेस स्टार प्रचारक के रूप में यह कमी एक हद तक पूरी कर सकते हैं। साथ ही वे हिन्दी में भी बढ़िया समझा सकते हैं। अंग्रेजी का तो कहना ही क्या? अब देखना यह है कि श्री पेस की यह नयी पारी क्या भाजपा को विजयश्री दिलाने में मदद करती है या फिर ममता का ” खेला होबे ” ही सफल रहता है।

सीताराम अग्रवाल
