अभिषेक बनर्जी की जनसभा में मंच पर लगी आग, भाषण खत्म कर निकलने के तुरंत बाद हुई घटना

कोलकाता, 28 मार्च । पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की जनसभा के मंच पर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह घटना बीरभूम जिले के लाभपुर में मां फुल्लरा मेला मैदान में आयोजित एक चुनावी सभा के दौरान हुई।

जानकारी के अनुसार अभिषेक बनर्जी तृणमूल प्रत्याशी अभिजीत सिंह के समर्थन में चुनाव प्रचार करने वहां पहुंचे थे। तय कार्यक्रम के अनुसार उन्होंने मंच से अपना संबोधन दिया और करीब 40 मिनट तक भाषण देने के बाद वहां से रवाना हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उनके मंच से उतरने के कुछ ही समय बाद मंच के एक कोने से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया और फिर आग की लपटें नजर आने लगीं।

बताया जा रहा है कि मंच तृणमूल कांग्रेस के झंडों और सजावटी सामग्री से ढका हुआ था और उसी के बीच से आग दिखाई देने लगी। देखते ही देखते वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और पूरा इलाका धुएं से भर गया।

मौके पर तैनात अग्निशमन कर्मियों ने तुरंत पहुंचकर स्थिति को संभाला। उनकी त्वरित कार्रवाई के कारण कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया गया और किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह बिजली के तारों में खराबी मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि मंच के खंभों के साथ बंधे बिजली के तार जल गए थे, जिससे यह घटना हुई।

गौरतलब है कि एक बड़े राजनीतिक नेता की मौजूदगी को देखते हुए वहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। ऐसे में सभा समाप्त होने के तुरंत बाद मंच पर आग लगने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि राहत की बात यह रही कि आग लगने के समय अभिषेक बनर्जी मंच पर मौजूद नहीं थे और समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *