
रानीगंज के बांसड़ा क्षेत्र में घर-घर पहुंचकर सुनीं लोगों की समस्याएं
रोजगार और शिक्षा सुधार का किया वादा
रानीगंज। आगामी 2026 विधानसभा चुनाव को लेकर आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल ने बुधवार को आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रानीगंज के बांसड़ा क्षेत्र में आक्रामक अंदाज में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर आम लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस जनसंपर्क कार्यक्रम में भाजपा के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए, जिससे पूरे इलाके में चुनावी माहौल गरमाता नजर आया। क्षेत्र के लोगों, विशेषकर महिलाओं ने अपनी दैनिक जीवन से जुड़ी विभिन्न समस्याएं, अभाव और अपेक्षाएं उम्मीदवार के समक्ष रखीं।

अग्निमित्रा पॉल ने सभी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए उनके समाधान का आश्वासन दिया। जनसंपर्क के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए अग्निमित्रा पॉल ने स्पष्ट कहा कि उनकी प्राथमिकता हर परिवार के युवक-युवतियों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यदि वर्ष 2026 में उनकी पार्टी सत्ता में आती है, तो शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार किए जाएंगे। स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम की व्यवस्था की जाएगी तथा विद्यार्थियों को पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। वर्तमान व्यवस्था पर तीखा प्रहार करते हुए अग्निमित्रा पाल ने कहा,“आज स्कूलों में बच्चों को आधा अंडा दिया जा रहा है और दाल पानी जैसी पतली होती है। इस तरह से देश का भविष्य तैयार नहीं किया जा सकता।” उन्होंने जोर देकर कहा कि उनका लक्ष्य एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण करना है, जहां धर्म नहीं बल्कि विकास ही राजनीति का मुख्य आधार हो।इस दौरान उन्होंने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में केवल वादे किए गए हैं, लेकिन धरातल पर कोई ठोस विकास कार्य नहीं हुआ। साथ ही उन्होंने वाम मोर्चा, विशेषकर माकपा (सीपीएम) पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें वोट देना व्यर्थ है, क्योंकि वे कोई प्रभावी बदलाव लाने में सक्षम नहीं हैं। कुल मिलाकर, 2026 के विधानसभा चुनाव को लेकर आसनसोल दक्षिण में राजनीतिक मुकाबला लगातार तेज होता जा रहा है। इस चुनावी संग्राम में भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल विकास और परिवर्तन के मुद्दे को केंद्र में रखकर जनता के बीच सक्रिय रूप से प्रचार कर रही हैं।
