ईसीएल के कुनुस्तोड़िया क्षेत्र में टीबी जागरूकता सप्ताह

जामुड़िया। ईसीएल के कुनुस्तोड़िया क्षेत्र में क्षेत्रीय महाप्रबंधक श्री अनंत घोष के कुशल नेतृत्व तथा क्षेत्रीय चिकित्सा अधिकारी डॉ. पूनम चौधरी की देखरेख में टीबी जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस क्रम में क्षेत्र की बांसड़ा कोलियरी में लोगों को टीबी जैसी बीमारी के लक्षणों व उससे बचने के उपायों के बारे में सचेत और जागरूक किया गया। वहीं, बांसड़ा ग्राम में ग्रामीणों के बीच लिफलेट वितरित कर लोगों को जागरूक किया गया। इसके साथ ही क्षेत्रीय अस्पताल में एक सत्र आयोजित कर विस्तार से कर्मियों को इस बीमारी के विविध लक्षणों, इसकी पहचान और इससे बचाव के उपायों से अवगत कराया गया।

ग़ौरतलब है कि इस टीबी जागरूकता सप्ताह के सफल आयोजन में डॉ. पूनम चौधरी के साथ डॉ. सौराज सरकार, डॉ सुवर्णा देबबर्मन, डॉ रूपक मंडल व डॉ. हमज़ा हमीश की विशिष्ट भूमिका रही। इसके साथ ही कोलियरी पिट टॉप पर भी स्वास्थ्य जागरूकता शिविर लगाकर श्रमिकों के स्वास्थ्य की जाँच की गई जिसमें रक्तचाप, मधुमेह आदि की जांच शामिल रही। उल्लेखनीय है कि इस आयोजन के दौरान लगभग 200 लोग लाभान्वित हुए। इस बारे में बताते हुए क्षेत्रीय चिकित्सा अधिकारी डॉ. पूनम चौधरी ने बताया कि देश को टीबी मुक्त करने की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए क्षेत्रीय महाप्रबंधक श्री अनंत घोष के दिशानिर्देश के अनुपालन में यह सप्ताह मनाया गया जिसे लोगों ने सराहा और सकारात्मक सहयोग दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *