कुल्टी में तृणमूल की कार्यकर्ता सभा, भाजपा के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने थामा तृणमूल का दामन

आसनसोल। आसनसोल के कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं। इसी क्रम में कुल्टी के पूर्व विधायक एवं तृणमूल कांग्रेस नेता उज्जवल चट्टार्जी के निर्देशन में तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी अभिजीत घटक के समर्थन मे भव्य कार्यकर्ता सभा का आयोजन किया गया। यह सभा नियामतपुर स्थित शिव मंदिर मेला मैदान में आयोजित हुई, जहां बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे। इस कार्यकर्ता सभा में कुल्टी विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी अभिजीत घटक भी शामिल हुए। उनके साथ पार्टी के ब्लॉक स्तर के नेता, कार्यकर्ता एवं समर्थकों की सक्रिय उपस्थिति देखने को मिली। सभा के दौरान संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव में जीत सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान तृणमूल कांग्रेस को उस समय और मजबूती मिली, जब करीब 20 भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नीतियों और नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया। इस अवसर पर सभी नए सदस्यों का पार्टी का झंडा देकर स्वागत किया गया। पूर्व विधायक उज्ज्वल चट्टार्जी और प्रत्याशी अभिजीत घटक ने नव-शामिल कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस ही आम जनता के हितों की सच्ची प्रतिनिधि है और पार्टी में शामिल होकर वे विकास की मुख्यधारा का हिस्सा बनेंगे। सभा के माध्यम से तृणमूल कांग्रेस ने एकजुटता और संगठनात्मक शक्ति का प्रदर्शन किया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाएं, ताकि आगामी चुनाव में पार्टी को प्रचंड समर्थन मिल सके। इस कार्यकर्ता सभा ने कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस की सक्रियता और चुनावी तैयारी को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *