
आसनसोल। आसनसोल के कुल्टी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बराकर से कल्याणेश्वरी जाने वाले मार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। जानकारी के अनुसार, कोयले से लदा एक भारी वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक घर में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घर की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और पास से गुजर रही ड्रेन को भी काफी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे के कारण क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत और तनाव का माहौल बना रहा। दुर्घटना में शामिल वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कुल्टी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
