ईसीएल के निदेशक (तकनीकी/संचालन) नीलाद्रि रॉय ने सातग्राम–श्रीपुर क्षेत्र का किया निरीक्षण, उत्पादन व सुरक्षा मानकों की समीक्षा

जामुड़िया। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के निदेशक (तकनीकी/संचालन) नीलाद्रि रॉय ने सातग्राम–श्रीपुर क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न कोल परियोजनाओं के संचालन, उत्पादन और सुरक्षा मानकों की विस्तृत समीक्षा की। उनके आगमन पर सातग्राम–श्रीपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक रॉबिन थौनाओजा ने उनका स्वागत किया। दौरे के दौरान निदेशक ने अमकोला ओसीपी (ओपन कास्ट प्रोजेक्ट) पैच और चरनपुर ओसीपी पैच का निरीक्षण किया। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित उत्पादन लक्ष्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कोयला खनन स्थलों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कोयला फेस, ओबी (ओवरबर्डन) डंपिंग क्षेत्र, खुले कोयले की उपलब्धता तथा समग्र सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। नीलाद्रि रॉय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि उत्पादन लक्ष्य हासिल करने के साथ-साथ सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अमकोला ओसीपी में संचालित हायर पैच की भविष्य की संभावनाओं (वित्तीय वर्ष 2026-27) की भी समीक्षा की और उत्पादन बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की। इसके अतिरिक्त उन्होंने निमचा हाईवॉल खनन संचालन की स्थिति का भी जायजा लिया तथा खदान प्रबंधन एवं ठेकेदार प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया। इस निरीक्षण के दौरान निमचा समूह खदानों के एजेंट मनोज कुमार, भनोरा समूह खदानों के एजेंट बिंद्याचल सिंह, अमकोला ओसीपी के प्रबंधक गणेश सेठी, चरनपुर ओसी के प्रबंधक रवि कुमार, यूनाइटेड कोल कैरियर (कार्यरत ठेकेदार) के प्रतिनिधि अमर अग्रवाल, आर.के. सिंह, दीवाकर अभिजीत तिवारी (सुरक्षा अधिकारी, अमकोला ओसी), मितेश तिर्की (कोलियरी इंजीनियर, अमकोला ओसी) सहित सर्वेयर, साइट प्रभारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।इस बैठक के दौरान सभी अधिकारियों एवं संबंधित प्रतिनिधियों ने निर्धारित कोयला उत्पादन लक्ष्य को हासिल करने तथा उच्चतम सुरक्षा मानकों को बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *