दुर्गापुर में डेंगू से एक व्यक्ति की मौत, प्रशासन सतर्क; इलाके में मचा हड़कंप

दुर्गापुर। गर्मी की शुरुआत के साथ ही दुर्गापुर में डेंगू ने एक बार फिर सिर उठाना शुरू कर दिया है। इसी बीच शहर के इस्पात नगरी के सेकेंडरी क्षेत्र में डेंगू से एक व्यक्ति की मौत ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। मृतक की पहचान 46 वर्षीय मनोज कुमार दास के रूप में हुई है, जो इसी क्षेत्र के निवासी थे।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनोज कुमार दास बीते कुछ दिनों से बुखार से पीड़ित थे। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के मुताबिक, डोल उत्सव के समय से ही उन्हें तेज बुखार था। शुरुआत में इसे सामान्य बुखार समझा गया, लेकिन धीरे-धीरे उनकी हालत बिगड़ने लगी। बुखार के साथ उनके मुंह और नाक से रक्तस्राव शुरू हो गया, जिससे स्थिति गंभीर हो गई। बताया जा रहा है कि 13 मार्च को उन्हें दुर्गापुर महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था। हालांकि डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद 15 मार्च को उनकी मृत्यु हो गई। मनोज कुमार दास पानागढ़ के एक निजी क्लिनिक में कार्यरत थे। इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय और चिंता का माहौल है। सूचना मिलते ही राज्य के नगर विकास विभाग के अधिकारी मृतक के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है। प्रशासन की ओर से पूरे इलाके में मच्छर निरोधक दवाओं का छिड़काव कराया गया है और विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने और डेंगू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी जा रही है। राज्य नगर विकास विभाग की सर्वे कर्मी कविता चौधरी ने बताया कि प्राथमिक जांच में मृत्यु का कारण डेंगू पाया गया है। उन्होंने कहा कि मृतक कई दिनों से बुखार से पीड़ित थे और अब पूरे इलाके को निगरानी में रखा गया है। साथ ही, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जा रहे हैं। वही प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और कहीं भी पानी जमा न होने दें, ताकि डेंगू के खतरे को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *