
दुर्गापुर। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर दुर्गापुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार चंद्रशेखर बंद्योपाध्याय ने चुनावी जनसंपर्क अभियान को गति देते हुए गुरुवार को गोपालपुर के उत्तरपाड़ा इलाके में स्थानीय लोगों से सीधे संवाद किया। जनसंपर्क अभियान के दौरान चंद्रशेखर बंद्योपाध्याय ने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को सुना और मौजूदा व्यवस्था पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के बीच की लड़ाई नहीं है, बल्कि यह आम जनता और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार के बीच सीधा मुकाबला है। क्षेत्र की बदहाल आधारभूत संरचना को लेकर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा, “मैं जिस स्थान पर खड़ा हूं, यहां की सड़कें अत्यंत जर्जर स्थिति में हैं और जल निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। पिछले पांच वर्षों में सत्ता में रहे जनप्रतिनिधि ने कोई ठोस विकास कार्य नहीं किया है। उन्होंने खुद को इलाके का ‘भूमिपुत्र’ बताते हुए कहा कि वे यहीं के रहने वाले हैं और स्थानीय समस्याओं को भली-भांति समझते हैं। उन्होंने लोगों से समर्थन की अपील करते हुए कहा, “मैं इसी क्षेत्र का बेटा हूं। यदि जनता मुझे अवसर देती है, तो जीतकर यहां के विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करूंगा और बदलाव लाकर दिखाऊंगा।” गोपालपुर के उत्तरपाड़ा में उनके इस जनसंपर्क अभियान को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह और जिज्ञासा देखी गई। बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने पहुंचे और अपनी समस्याएं साझा कीं। चुनावी माहौल के बीच चंद्रशेखर बंद्योपाध्याय का यह जनसंपर्क अभियान क्षेत्र में राजनीतिक हलचल को और तेज कर रहा है, जिससे आने वाले दिनों में मुकाबला और भी रोचक होने की संभावना है।
