
जामुड़िया। जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के तपसी इलाके में गुरुवार को उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब कुनुस्तोड़िया कोलियरी के मस्जिद पाड़ा में तृणमूल कांग्रेस के विधानसभा उमीदवार हरेराम सिंह के समर्थन में किए गए दीवार लेखन पर अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा कई स्थानों पर गोबर पोत दिया गया। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही तपसी अंचल के तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। वही तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस कृत्य को सुनियोजित राजनीतिक साजिश करार देते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि इस तरह की घटनाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास हैं। वही घटना की सूचना पाकर पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। वही इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए तृणमूल कांग्रेस के उमीदवार हरेराम सिंह ने कहा कि इस प्रकार की हरकतें न केवल आपत्तिजनक हैं, बल्कि लोकतंत्र के मूल्यों पर भी आघात हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। वहीं, इस मामले में प्रतिक्रिया देते हुए जामुड़िया से भारतीय जनता पार्टी के उमीदवार डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि भाजपा का कोई भी कार्यकर्ता इस प्रकार की हरकत नहीं कर सकता। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक वे जामुड़िया में भाजपा के प्रतिनिधि हैं, तब तक इस तरह की घटनाएं पार्टी की ओर से संभव नहीं हैं। उन्होंने इस घटना की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए आरोप लगाया कि जामुड़िया में तृणमूल कांग्रेस के अंदरूनी गुटबाजी के कारण ऐसी घटना हो सकती है। दूसरी ओर, वामपंथी उम्मीदवार मास्टर मोहम्मद शब्बीर हुसैन ने भी इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि वामपंथी कार्यकर्ता हमेशा मुद्दों की राजनीति करते हैं और इस प्रकार की हरकतों में विश्वास नहीं रखते। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि जामुड़िया के लोगों को अब विकास के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता है, ताकि क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं का समाधान हो सके। फिलहाल, इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है और जल्द ही दोषियों की पहचान कर कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
