दुर्गापुर के सिटी सेंटर स्थित रेस्टोरेंट में भीषण आग, दमकल की तत्परता से बड़ा हादसा टला; इलाके में मचा हड़कंप

दुर्गापुर। पश्चिम बर्दवान जिले के दुर्गापुर के सिटी सेंटर क्षेत्र में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक निजी रेस्टोरेंट में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया और आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेस्टोरेंट के किचन में लगी चिमनी से अचानक धुआं उठना शुरू हुआ, जो कुछ ही पलों में आग में तब्दील हो गया। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों में हड़कंप मच गया। सभी लोग तुरंत बाहर की ओर भागे और आसपास के दुकानदारों को भी सतर्क किया गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को तुरंत खबर दी गई। सूचना पाकर दमकल विभाग की एक इंजन मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत करते हुए करीब आधे घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। आग लगने के दौरान पूरे इलाके में भारी शोरगुल और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सिटी सेंटर के व्यस्त मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित हुआ। हालांकि, समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने के कारण किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है, जो राहत की बात है।
घटना के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके का जायजा लिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक अनुमान के अनुसार, आग लगने का कारण किचन की चिमनी में तकनीकी खराबी या अत्यधिक गर्मी हो सकता है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर दमकल विभाग नहीं पहुंचता, तो आग आसपास की अन्य दुकानों और प्रतिष्ठानों तक भी फैल सकती थी, जिससे बड़ा नुकसान हो सकता था। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *