
जामुड़िया। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र पूरे राज्य में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी ने जामुड़िया विधानसभा सीट से एक बार फिर मौजूदा विधायक हरेराम सिंह पर भरोसा जताया है। पार्टी नेतृत्व के इस फैसले के बाद जामुड़िया क्षेत्र में उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिल रहा है। टिकट की घोषणा होते ही जामुड़िया स्थित विधायक कार्यालय में समर्थकों और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ढोल-नगाड़ों की गूंज और मिठाइयों के वितरण के बीच कार्यकर्ताओं ने खुशी का इजहार किया। समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाइयां दीं और हरेराम सिंह के समर्थन में जोरदार नारे लगाए। पूरा माहौल उत्सवमय हो गया, जिससे यह साफ जाहिर होता है कि उम्मीदवार को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह और विश्वास है। इस बीच, विधायक हरेराम सिंह ने चुनाव प्रचार की शुरुआत से पहले आज अपने परिवार के साथ बीरभूम जिले के प्रसिद्ध शक्तिपीठ तारापीठ मंदिर पहुंचे। जहां उन्होंने मंदिर में मां तारा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपनी जीत के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर उनके साथ उनके पुत्र प्रेमपाल सिंह और नाती राजवीर सिंह भी मौजूद रहे, जिन्होंने भी श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना की। इस मौके पर उनके साथ जामुड़िया ब्लॉक एक और ब्लॉक दो के बड़ी संख्या में तृणमूल कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने मिलकर भक्ति भाव से मां तारा की आराधना की। समर्थकों के उत्साह और जोश से मंदिर परिसर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और ऊर्जावान हो गया।इस मौके पर हरेराम सिंह ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा,“मैं पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी का दिल से धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने एक बार फिर मुझ पर भरोसा जताया। यह सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि जामुड़िया की जनता का सम्मान है। मैं पहले की तरह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से क्षेत्र के विकास के लिए काम करता रहूंगा। आने वाले समय में जामुड़िया को और बेहतर बनाने के लिए हम सभी मिलकर प्रयास करेंगे।”टिकट की घोषणा के बाद जामुड़िया में चुनावी सरगर्मी और तेज हो गई है। राजनीतिक दलों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ने के साथ ही आम जनता की नजरें अब आगामी विधानसभा चुनाव पर टिक गई हैं। आने वाले दिनों में क्षेत्र में चुनाव प्रचार और भी तेज होने की संभावना है, जिससे जामुड़िया का चुनावी माहौल और अधिक गरमाने के आसार हैं।
