गैस संकट पर भड़के लोग, सड़क पर सिलेंडर रखकर किया प्रदर्शन

एलआईसी मोड़ पर लगातार दूसरे दिन जाम, पुलिस के भरोसे के बाद हटे प्रदर्शनकारी

आसनसोल। आसनसोल साउथ थाना क्षेत्र के एलआईसी मोड़ पर गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर मंगलवार को एक बार फिर लोगों का गुस्सा देखने को मिला। नाराज ग्राहकों ने खाली सिलेंडर सड़क पर रखकर आसनसोल से पुरुलिया और झारखंड जाने वाली मुख्य सड़क को जाम कर दिया और गैस एजेंसी के खिलाफ विरोध जताया। ग्राहकों का कहना है कि उन्हें सिलेंडर के लिए स्लिप तो मिल जाती है, लेकिन 15 से 20 दिनों से लगातार एजेंसी के चक्कर लगाने के बावजूद गैस उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। हर बार एक-दो दिन का समय देकर मामला टाल दिया जाता है। सोमवार को भी इसी मुद्दे पर सड़क जाम किया गया था, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला और अगले दिन गैस देने का आश्वासन दिया था। मंगलवार को भी जब सिलेंडर नहीं मिला, तो लोगों ने दोबारा प्रदर्शन शुरू कर दिया और एजेंसी पर कालाबाजारी व वादाखिलाफी का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। प्रशासन की ओर से दोपहर एक से दो बजे के बीच गैस उपलब्ध कराने का भरोसा दिए जाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त कर दिया। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *