
आसनसोल। पश्चिम बंगाल में प्रस्तावित 2026 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में तृणमूल कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में पश्चिम बर्दवान जिले की कुल 9 विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की गई है। पार्टी ने कई मौजूदा विधायकों और वरिष्ठ नेताओं पर एक बार फिर भरोसा जताते हुए उन्हें दोबारा उम्मीदवार बनाया है। आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र से राज्य के मंत्री मलय घटक को फिर से उम्मीदवार घोषित किया गया है। इसके अलावा पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र से नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती, जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र से हरेराम सिंह, तथा बाराबानी विधानसभा क्षेत्र से विधान उपाध्याय को पुनः उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं दुर्गापुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से प्रदीप मजुमदार को एक बार फिर मौका दिया गया है। इसके साथ ही आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से तापस बनर्जी, रानीगंज विधानसभा क्षेत्र से कालो बरन मंडल, कुल्टी विधानसभा क्षेत्र से अभिजीत घटक तथा दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से कवि दत्त को उम्मीदवार घोषित किया गया है। उम्मीदवारों की घोषणा के बाद विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी समर्थकों के बीच खुशी का माहौल देखा जा रहा है। कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए पार्टी नेतृत्व के प्रति विश्वास जताया और आगामी चुनाव में जीत का दावा किया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि तृणमूल कांग्रेस द्वारा अनुभवी और मजबूत जनाधार वाले नेताओं को दोबारा मौका देना चुनावी रणनीति का हिस्सा है। वही सभी राजनीतिक दल अब अपनी-अपनी चुनावी रणनीतियों को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं। आने वाले दिनों में आरोप-प्रत्यारोप, जनसभाएं और प्रचार अभियान तेज होने की पूरी संभावना है। तृणमूल कांग्रेस जहां अपने उम्मीदवारों के सहारे जीत की हैट्रिक लगाने की तैयारी में है, वहीं विपक्षी दल भी पूरी ताकत झोंकने के मूड में हैं। ऐसे में इस बार का चुनाव बेहद दिलचस्प और मुकाबलेदार होने वाला है।
कुल मिलाकर, उम्मीदवारों की इस घोषणा ने पश्चिम बंगाल की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है और अब सबकी नजरें आगामी चुनावी मुकाबले पर टिकी हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इन उम्मीदवारों के साथ पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में कैसा प्रदर्शन करती है और विपक्षी दलों को किस तरह चुनौती देती है।
