
पश्चिम बर्दवान में चुनावी तैयारियों पर सर्वदलीय बैठक, 18 लाख मतदाता करेंगे मतदान
आसनसोल। पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव 2026 की घोषणा के बाद जिले में चुनावी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में सोमवार को आसनसोल स्थित जिला शासक कार्यालय में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाशासक एस. पन्नाबलम की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्त सुनील कुमार चौधरी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिला प्रशासन की ओर से चुनाव प्रक्रिया, आचार संहिता, सुरक्षा व्यवस्था और निर्वाचन से जुड़े दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। जिलाशासक ने बताया कि पश्चिम बर्दवान जिले में 18,88,698 लाख मतदाता हैं तथा मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 2588 तक की जा सकती है।
बैठक में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन को लेकर कुछ राजनीतिक दलों ने अपनी आपत्तियां भी दर्ज कराईं। इस पर जिलाशासक ने कहा कि विचाराधीन मतदाताओं से जुड़ा मामला न्यायालय में लंबित है, इसलिए इस पर टिप्पणी करना संभव नहीं है।
जिला प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों से आचार संहिता का पालन करने तथा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने में सहयोग की अपील की।
