
जामुड़िया।ईसीएल के केंदा एरिया अंतर्गत न्यू केंदा कोलियरी के सालडांगा 8 नंबर स्थित पंप हाउस में शुक्रवार रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों के एक गिरोह ने पंप हाउस पर धावा बोलकर ट्रांसफार्मर और केबल चोरी कर लिया। इस घटना के बाद शनिवार से सालडांगा तथा आसपास के इलाकों में पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घटना को लेकर ईसीएल न्यू केंदा कोलियरी के मैनेजर संजय मंडल ने केंदा फाड़ी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मामले की जानकारी देते हुए न्यू केंदा कोलियरी के सिक्योरिटी इंचार्ज रहमान ने बताया कि शुक्रवार देर रात चोरों का एक दल सालडांगा 8 नंबर स्थित पंप हाउस में घुस आया। उस समय वहां ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड रतन रूईदास और महेंद्र नोनिया मौजूद थे। चोरों ने पहले दोनों सुरक्षा गार्डों को बंधक बना लिया और उनके मोबाइल फोन छीन लिए, ताकि वे किसी को घटना की सूचना न दे सकें। इसके बाद चोरों ने पंप हाउस में रखा ट्रांसफार्मर बाहर निकालकर उसके कीमती कल-पुर्जे खोल लिए। इसके साथ ही पंप हाउस में लगा लगभग 20 फीट लंबा केबल भी काटकर अपने साथ ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर मौके से फरार हो गए। घटना के कारण पंप हाउस की बिजली व्यवस्था ठप हो गई, जिससे इलाके में पानी की सप्लाई बंद हो गई है। स्थानीय निवासी अमरजीत मंडल ने बताया कि ट्रांसफार्मर और केबल चोरी हो जाने के कारण सालडांगा सहित आसपास के क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति रुक गई है। उन्होंने कहा कि एक ओर जहां दिन-प्रतिदिन गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है, वहीं पानी सप्लाई बंद होने से लोगों के बीच पानी के लिए हाहाकार मच गया है।
स्थानीय लोगों ने ईसीएल प्रबंधन से जल्द से जल्द पंप हाउस की मरम्मत कर पानी की सप्लाई बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि जनस्वार्थ को ध्यान में रखते हुए प्रबंधन को तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था कर पानी उपलब्ध कराना चाहिए।
वहीं घटना की शिकायत मिलने के बाद केंदा फाड़ी की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि इलाके में हुई इस बड़ी चोरी के पीछे सक्रिय गिरोह की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
