
आसनसोल।आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत कुल्टी थाना क्षेत्र के बराकर में एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली स्थिति उत्पन्न हो गई है। बुधवार को करीम डंगाल इलाके में बमबाजी, कथित गोलीबारी एवं पत्थरबाजी की घटना से पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया। पत्थरबाजी के दौरान एक पुलिस अधिकारी भी घायल होने की सूचना है। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में भय और दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,मस्जिद के बाहर कुछ युवकों द्वारा कथित रूप से हंगामा एवं तोड़फोड़ की जा रही थी। मस्जिद के बाहर रखे डस्टबिन को क्षतिग्रस्त किए जाने का भी आरोप सामने आया है। जब स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया तो विवाद ने उग्र रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते स्थिति हिंसक हो गई। बम धमाकों, पत्थरबाजी और कथित फायरिंग से इलाके में अफरातफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही कुल्टी थाना एवं बराकर पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल पूरे क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है तथा अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने नागरिकों से शांति, संयम बनाए रखने एवं किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
घटना के बाद राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है। तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। दोनों दलों ने घटना को लेकर एक-दूसरे पर जिम्मेदारी तय करते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
