ईसीएल मुख्यालय में सीएमडी की अध्यक्षता में जीएम समन्वय बैठक, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले क्षेत्रों को मिला सम्मान

आसनसोल। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) मुख्यालय में कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) सतीश झा की अध्यक्षता में महाप्रबंधक (जीएम) समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान चालू वित्तीय वर्ष के फरवरी 2026 माह में उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन करने वाले उच्च प्रदर्शनकारी डिवीजनों एवं क्षेत्रों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वित्त निदेशक मोहम्मद अंजार आलम, तकनीकी निदेशक (संचालन) नीलाद्री रॉय, निदेशक (मानव संसाधन) गुंजन कुमार सिन्हा तथा तकनीकी निदेशक (योजना एवं परियोजना) गिरीश गोपीनाथ नायर सहित ईसीएल के सभी विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान सीएमडी ने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष अपने अंतिम चरण में है। ऐसे में आगामी दिनों में खदान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कोयला उत्पादन में अधिकतम प्रयास करने की आवश्यकता है, ताकि निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित की जा सके और कंपनी की उत्पादन क्षमता को और सुदृढ़ किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार के सम्मान समारोह का उद्देश्य संगठन में उत्कृष्ट प्रदर्शन की पहचान करना, जवाबदेही को मजबूत बनाना तथा निरंतर सुधार की भावना को प्रोत्साहित करना है। वही परियोजना एवं योजना डिवीजन को उसकी रणनीतिक निगरानी, सूक्ष्म योजना निर्माण तथा परिचालन परिणामों में प्रभावी योगदान के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ डिवीजन’ का पुरस्कार प्रदान किया गया।


प्रथम पुरस्कार – सोनपुर बाजारी क्षेत्र को प्रदान किया गया। क्षेत्र के महाप्रबंधक आनंद मोहन ने सीएमडी से पुरस्कार ग्रहण किया। द्वितीय पुरस्कार – झांझरा क्षेत्र को दिया गया। क्षेत्र के महाप्रबंधक प्रबीर कुमार मंडल ने सम्मान प्राप्त किया।तृतीय पुरस्कार – बांकोला क्षेत्र को प्रदान किया गया। क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय कुमार साहू ने पुरस्कार ग्रहण किया। वही समीक्षा अवधि के दौरान एसडीएल एवं एलएचडी मशीनों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, मजबूत परिचालन अनुशासन, निरंतर उत्पादकता तथा सुरक्षा के साथ श्रमशक्ति के प्रभावी उपयोग के लिए काजोरा, बांकोला, सालानपुर एवं कुनुस्तोड़िया क्षेत्रों को भी सम्मानित किया गया। बैठक के अंत में सीएमडी एवं सभी निदेशकों ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले क्षेत्रों के अधिकारियों एवं कर्मियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। साथ ही सोनपुर बाजारी क्षेत्र के जीएम आनंद मोहन को तकनीकी निदेशक (डीटी) पद के लिए चयनित होने पर विशेष रूप से शुभकामनाएँ दीं। यह बैठक ईसीएल में उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने तथा लक्ष्य आधारित कार्यप्रणाली को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *