
आसनसोल। पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में आसनसोल के बर्नपुर क्षेत्र में रविवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से जोरदार शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा द्वारा आयोजित ‘परिवर्तन रैली’ के तहत सैकड़ों बाइक सवार कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और पूरे इलाके को नारों और झंडों से गुंजायमान कर दिया। यह बाइक रैली आसनसोल बर्नपुर के कोर्ट मोड़ से प्रारंभ होकर गोरई रोड और जीटी रोड होते हुए दुर्गा मंदिर परिसर तक पहुंची, जहां सभा के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। रास्ते भर कार्यकर्ताओं ने पार्टी के झंडे, बैनर और पोस्टर के साथ “परिवर्तन”और“सुशासन” के नारे लगाए। रैली के दौरान कई स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने कार्यकर्ताओं का स्वागत किया, जबकि कुछ इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें लगने से यातायात प्रभावित भी हुआ। पुलिस प्रशासन की निगरानी में रैली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया था। वही रैली के संबंध में भाजपा नेता एवं समाजसेवी कृष्णा प्रसाद ने कहा कि यह आयोजन पूरे राज्य में कथित भ्रष्टाचार, दुर्नीति, अत्याचार और बढ़ती आपराधिक घटनाओं के विरोध में किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में आम जनता की आवाज को दबाया जा रहा है और प्रशासन निष्क्रिय बना हुआ है। आगे उन्होंने कहा, “यह परिवर्तन रैली केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि जनआक्रोश की अभिव्यक्ति है। आने वाले दिनों में जनता का समर्थन और अधिक स्पष्ट रूप से सामने आएगा।” वहीं भाजपा नेत्री एवं विधायक अग्निमित्रा पाल ने राज्य की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि अब परिवर्तन अवश्यंभावी है। उन्होंने दावा किया कि आगामी समय में राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा और भाजपा सुशासन स्थापित करेगी। उनके बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर और तेज हो गया है। वही इस रैली में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष ऊर्जा प्रदान की। युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने इसे “नए बंगाल की शुरुआत” बताया। भाजपा के स्थानीय नेताओं का कहना है कि पार्टी आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और बूथ स्तर तक पहुंच बनाने में जुटी हुई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बर्नपुर से निकली यह परिवर्तन रैली केवल एक बाइक जुलूस नहीं, बल्कि आने वाले चुनावी संग्राम की औपचारिक भूमिका है। भाजपा जहां इसे बदलाव की लहर का संकेत बता रही है, वहीं विपक्षी दल इसे मात्र राजनीतिक प्रदर्शन करार दे रहे हैं। जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे रैलियों, सभाओं और दलबदल की घटनाओं में तेजी देखी जा रही है। ऐसे में बर्नपुर की यह रैली पश्चिम बंगाल की राजनीति में आगामी दिनों में किस प्रकार का प्रभाव डालती है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
