रिषड़ा में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का उद्घाटन, सांसद कल्याण बनर्जी ने किया लोकार्पण

हुगली, 01 मार्च । जिले के रिषड़ा नगर पालिका के 13 नंबर वार्ड में रविवार अपराह्न एक नए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का औपचारिक उद्घाटन किया गया। उद्घाटन कल्याण बनर्जी (सांसद, श्रीरामपुर) ने किया।
उद्घाटन समारोह के दौरान शिलापट्ट का अनावरण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि इस केंद्र के माध्यम से स्थानीय नागरिकों को प्राथमिक चिकित्सा, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा आवश्यक परामर्श सेवाएं सुलभ होंगी। अधिकारियों के अनुसार, यह हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर क्षेत्र में सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को और सुदृढ़ करेगा।

इस अवसर पर विधायक सुदीप्तो राय, रिषड़ा नगरपालिका के चेयरमैन विजय सागर मिश्रा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान एक आधुनिक चिकित्सा वाहन (ट्रॉमा केयर एम्बुलेंस) भी जनता को समर्पित किया गया, जिसे विशेष रूप से स्वास्थ्य सेवाएं घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। एम्बुलेंस पर ममता बनर्जी की तस्वीर भी प्रदर्शित की गई है, जो राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का प्रतीक है।
इस अवसर पर पालिका चेयरमैन विजय सागर मिश्रा ने कहा कि इस पहल से रिषड़ा क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती मिलेगी और जरूरतमंद लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका नागरिकों की स्वास्थ्य आवश्यकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भविष्य में भी सेवाओं का विस्तार करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *