जापान के चिड़ियाघर का नन्हा बंदर ‘पंच ’बना इंटरनेट सनसनी, खिलौना ओरंगुटान के प्रति ममता देख उमड़ी भीड़

जापान के एक चिड़ियाघर का नन्हा बंदर शावक इन दिनों पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बना हुआ है। ‘पुंच’ नामक इस बंदर शावक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक मुलायम खिलौना ओरंगुटान के साथ खेलता, उसे गले लगाता और उसके सहारे सोता दिखाई दे रहा है। उसकी मासूम हरकतों और अपार स्नेह ने लोगों का दिल जीत लिया है। वीडियो वायरल होने के बाद चिड़ियाघर में पुंच को देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। वह अब इंटरनेट पर एक बड़ी सनसनी बन चुका है। इतना ही नहीं, जिस खिलौना ओरंगुटान के साथ वह खेलता है, वह भी अप्रत्याशित रूप से लोकप्रिय हो गया है। जानकारी के अनुसार, पुंच का जन्म पिछले वर्ष जुलाई में हुआ था। जन्म के तुरंत बाद उसकी मां ने उसे अपने से अलग कर दिया।परिणामस्वरूप वह मातृस्नेह और गर्माहट से वंचित रह गया। अन्य बंदरों ने भी उसे अपनाया नहीं, जिससे वह अकेलेपन का शिकार हो गया। उसकी उदासी और एकाकीपन को देखते हुए चिड़ियाघर के कर्मचारियों ने उसके लिए एक सॉफ्ट टॉय लाकर उसके बाड़े में रख दिया। इसके बाद जो दृश्य सामने आया, उसने सभी को भावुक कर दिया। पुंच उस खिलौने के साथ इस तरह जुड़ गया मानो वह उसका अपना साथी हो। कभी वह उसके साथ खेलता, कभी उसे बाहों में भर लेता और कभी उसका सिर गोद में रखकर सो जाता। इस मासूम प्रेम ने लाखों लोगों की आंखें नम कर दीं। पंच का यह प्रिय खिलौना स्वीडन की प्रसिद्ध कंपनी इके द्वारा निर्मित ‘जंगलस्कोग’ ब्रांड का ओरंगुटान है। वही विश्वभर में इंगका ग्रुप के माध्यम से संचालित स्टोर्स के वाणिज्यिक प्रबंधक जेवियर क्यूनोनेस ने मीडिया को बताया कि पिछले कुछ दिनों में इस ओरंगुटान खिलौने की बिक्री में कई गुना वृद्धि हुई है। विशेष रूप से जापान, दक्षिण कोरिया और अमेरिका में इसकी मांग अचानक बढ़ गई है। बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एक पुनर्विक्रय (रीसेल) वेबसाइट पर यह खिलौना 328 डॉलर तक में बेचा गया, जो इसकी निर्धारित कीमत से लगभग 16 गुना अधिक है। पंच की यह कहानी न केवल एक नन्हे जीव की भावनात्मक जरूरतों को उजागर करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि प्रेम और अपनापन किसी भी प्राणी के लिए कितना आवश्यक है। उसकी मासूमियत और खिलौने के प्रति स्नेह ने दुनिया भर के लोगों को भावुक कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *