
आसनसोल। मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को आसनसोल में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। आसनसोल उत्तर थाना, जहांगीरी मोहल्ला फांड़ी तथा नारकोटिक्स विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लगभग 20 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि कुछ महिलाएं ट्रेन के माध्यम से जमशेदपुर से गांजे की एक बड़ी खेप लेकर आसनसोल पहुंचने वाली हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल रणनीति तैयार की और संयुक्त टीम ने आसनसोल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 7 के समीप स्थित मैदान क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी। निर्धारित समय पर संदिग्ध महिलाओं के वहां पहुंचते ही टीम ने उन्हें घेर लिया और तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 20 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद तीनों महिलाओं को मौके पर ही रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। यह पूरी कार्रवाई आसनसोल उत्तर थाना पुलिस, जहांगीरी मोहल्ला फांड़ी तथा नारकोटिक्स विभाग के समन्वित प्रयास का परिणाम है। अधिकारियों के अनुसार, मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध आगे भी इस प्रकार की सघन जांच और अभियान जारी रहेंगे। वही गिरफ्तार की गई तीनों महिलाओं को आसनसोल उत्तर थाना की हिरासत में रखा गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी नेटवर्क के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं, गांजा किसे और कहाँ आपूर्ति किया जाना था, तथा इसके तार किन अन्य जिलों या राज्यों से जुड़े हैं। वही पुलिस अधिकारियों ने संकेत दिया है कि पूछताछ के आधार पर जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी हो सकती है।
