पांडवेश्वर में विकास की नई पहल, विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने गौरबाजार में 1.39 करोड़ की ढलाई सड़क का किया शिलान्यास

पांडवेश्वर। पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत दुर्गापुर–फरीदपुर ब्लॉक के गौरबाजार इलाके में क्षेत्रवासियों के लिए एक बड़ी सौगात दी गई। इलाके की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 1 करोड़ 39 लाख 86 हजार 603 रुपये की लागत से बनने वाली नई ढलाई सड़क का शुभ शिलान्यास किया गया। इस परियोजना का उद्घाटन पांडवेश्वर के विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने किया। यह सड़क इलाके के पश्चिम बंगाल ग्रामीण बैंक से कल्याणेश्वरी मंडप होते हुए बाबूपाड़ा दुर्गा मंडप तक बनाई जाएगी। लंबे समय से क्षेत्र के लोग इस सड़क के निर्माण की मांग कर रहे थे, क्योंकि खराब सड़क के कारण आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन उत्सवपूर्ण वातावरण में किया गया। विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने विधिवत फीता काटकर और नारियल फोड़कर परियोजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की। वही इस उद्घाटन कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे। वही इस मौके पर विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने अपने संबोधन में कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है और बुनियादी ढांचे को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि सड़क निर्माण कार्य समय पर पूरा होगा और इससे गौरबाजार, कल्याणेश्वरी मंडप तथा बाबूपाड़ा समेत आसपास के विस्तृत क्षेत्रों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। नई ढलाई सड़क के निर्माण से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि स्थानीय व्यापार और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्याओं के समाधान की दिशा में यह कदम क्षेत्रवासियों के लिए राहत लेकर आया है। इस सड़क निर्माण की शुरुआत से इलाके में खुशी का माहौल देखा गया और लोगों ने इसे विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *