
आसनसोल। आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 13 में भारतीय जनता पार्टी की ओर से व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व भाजपा नेता सह विशिष्ट समाजसेवी कृष्णा प्रसाद ने किया। कार्यक्रम के तहत पार्टी कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर स्थानीय निवासियों से संपर्क किया और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश पत्र नागरिकों को सौंपा। जनसंपर्क के दौरान भाजपा नेताओं ने लोगों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। स्थानीय निवासियों ने सड़क की खराब स्थिति, पेयजल की अनियमित आपूर्ति, साफ-सफाई की कमी, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली तथा रोजगार के अभाव जैसी अनेक समस्याएं सामने रखीं। कई स्थानों पर लोगों में वार्ड की वर्तमान स्थिति को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली। नागरिकों का कहना था कि लंबे समय से समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं, लेकिन समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए। इस अवसर पर कृष्णा प्रसाद ने राज्य की मौजूदा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस पिछले 15 वर्षों से सत्ता में है, इसके बावजूद बुनियादी सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न योजनाओं के नाम पर भ्रष्टाचार हो रहा है और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा रोजगार की स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है।उन्होंने कहा, “अब समय आ गया है कि पश्चिम बंगाल में वास्तविक परिवर्तन लाया जाए। जनता बदलाव चाहती है और उसका विश्वास भाजपा की नीतियों एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में है।” कृष्णा प्रसाद ने दावा किया कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो विकास कार्यों को गति मिलेगी और आम लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने वार्ड के विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया और पार्टी की नीतियों एवं योजनाओं की जानकारी दी। भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में जनता का समर्थन उन्हें प्राप्त होगा और क्षेत्र में विकास की नई दिशा तय होगी।
