आसनसोल शिल्पांचल में अवैध जुए का खेल बेखौफ जारी, जामुड़िया के श्रीपुर फाड़ी क्षेत्र के गराई पाड़ा में रोज सज रही लाखों की महफ़िल

आसनसोल। आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत आने वाले विभिन्न थाना क्षेत्रों में जुआरियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस के द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसके बावजूद आसनसोल शिल्पांचल के कई इलाकों में अवैध जुए का कारोबार धड़ल्ले से संचालित होने की चर्चा है। इन्हीं इलाकों में चांदा मोड़ तथा जामुड़िया थाना अंतर्गत श्रीपुर फाड़ी क्षेत्र का गराई पाड़ा इलाका इन दिनों खासा चर्चा में है, जहां प्रतिदिन लाखों रुपये का दांव लगने की बात सामने आ रही है। सूत्रों के अनुसार, जामुड़िया थाना क्षेत्र के श्रीपुर फाड़ी अंतर्गत गराई पाड़ा में एक मंदिर के पीछे कथित रूप से छोटू, शत्रुघ्न और मिथुन नामक व्यक्तियों द्वारा खुलेआम जुए का संचालन किया जा रहा है। बताया जाता है कि यहां रोजाना बड़े पैमाने पर जुआ खेला जाता है और लाखों रुपये का लेन-देन होता है। इस अड्डे पर केवल स्थानीय ही नहीं, बल्कि दुर्गापुर, रानीगंज, जामुड़िया, आसनसोल, बर्नपुर, कुल्टी और सालानपुर सहित पड़ोसी जिलों और राज्यों से भी जुआरी पहुंच रहे हैं। वही नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर कुछ लोगों ने बताया कि यहां आने वाले जुआरियों को हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है, जिससे उनकी संख्या लगातार बढ़ रही है। बताया जाता है कि अड्डे पर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाता है, जिसके कारण यह अवैध गतिविधि बिना किसी भय के संचालित हो रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जुआ अड्डों पर अक्सर शोर-शराबा और हंगामा होता रहता है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। कई बार जुआरियों के बीच विवाद और उत्पात की घटनाएं भी सामने आती हैं, जिससे आसपास के परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि इस पूरे मामले में पुलिस को जानकारी है या नहीं, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। लेकिन क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इन अवैध जुआ अड्डों पर शीघ्र कार्रवाई कर उन्हें बंद कराया जाए, ताकि क्षेत्र मे कानून-व्यवस्था बनी रहे और आम लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *