पुरुलिया में विस्फोट की घटना को लेकर भाजपा के निशाने पर ममता सरकार, एनआईए जांच की मांग

कोलकाता, 20 फ़रवरी । भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित मालवीय ने गुरुवार देर रात सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के शासन में “बम बनाना ही एकमात्र फलता-फूलता उद्योग बन गया है।”

मालवीय ने कहा कि पुरुलिया के वार्ड नंबर 21 स्थित कपूर बागान इलाके में हुए भीषण विस्फोट और उसके बाद लगी आग से इलाके के लोग दहशत में हैं। स्थानीय सूत्रों के हवाले से उन्होंने दावा किया कि घटनास्थल पर अवैध रूप से बम बनाने का काम चल रहा था। इस हादसे में तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

भाजपा नेता ने कहा कि पुरुलिया के लोगों को इस घटना पर जवाब मिलनी चाहिए। उन्होंने बताया कि भाजपा सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो ने पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) से जांच की मांग की है।

अमित मालवीय ने सवाल उठाया कि क्या इस बार भी गृह विभाग संभाल रहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी “तकनीकी बहानों” की आड़ में सच्चाई से बचने की कोशिश करेंगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि सार्वजनिक सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता और इस विस्फोट के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उन्हें कड़ी सजा दी जानी चाहिए।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *