
आसनसोल। संगठन को और अधिक मजबूत तथा व्यवस्थित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए आसनसोल जिला भाजपा ने युवा मोर्चा के अध्यक्ष पद पर अभिक कुमार मंडल का चयन किया है। आगामी चुनावों को देखते हुए जिला इकाई द्वारा विभिन्न शाखा संगठनों में बदलाव की प्रक्रिया शुरू की गई है और इसी क्रम में युवा मोर्चा के नेतृत्व में भी परिवर्तन किया गया। भाजपा सूत्रों के अनुसार, इस निर्णय से जिले के युवाओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। बीते दिन जैसे ही नए युवा अध्यक्ष के नाम की घोषणा हुई, आसनसोल जिला युवा संगठन के कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल देखने को मिला। कई स्थानों पर समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और बधाई देकर अपनी प्रसन्नता जाहिर की। आसनसोल सांगठनिक जिले के नव-नियुक्त युवा मोर्चा अध्यक्ष अभिक कुमार मंडल को लेकर ग्रामीणों और जमीनी कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे ऐसे नेता हैं जो किसी शॉर्टकट से नहीं, बल्कि संघर्ष और परिश्रम के बल पर इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उनका कहना है कि अभिक मंडल ने दिन-रात मेहनत कर संगठन को मजबूत करने का कार्य किया है और हमेशा आम लोगों के साथ खड़े रहकर सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई है।ग्रामीणों के अनुसार,विपक्ष के सामने डटकर खड़े होने का साहस और दृढ़ता आज की राजनीति में दुर्लभ है। अन्याय, भ्रष्टाचार और कथित दमनकारी नीतियों के खिलाफ युवाओं को संगठित कर जो संघर्ष वे कर रहे हैं, वह सराहनीय है। समर्थकों का कहना है कि यह पद केवल एक संगठनात्मक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवर्तन और संघर्ष की दिशा में एक महत्वपूर्ण भूमिका है। बताया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल में सबसे कम उम्र के जिला युवा अध्यक्ष के रूप में आसनसोल को यह नेतृत्व मिला है। रानीगंज क्षेत्र के लोगों ने भी भविष्य में उन्हें और बड़े दायित्व में देखने की इच्छा जताई है। अभिक कुमार मंडल ने जिम्मेदारी मिलने के बाद कहा कि पार्टी ने जो भरोसा उन पर जताया है, उसे वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान राज्य सरकार ने युवाओं को निराश किया है और रोजगार सहित कई मुद्दों पर युवाओं की अपेक्षाओं को पूरा नहीं किया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे तृणमूल के खिलाफ आंदोलन में भाजपा का साथ दें और संगठित होकर संघर्ष करें। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दो महीनों में पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार स्थापित होगी। साथ ही उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता आने वाले समय में तृणमूल के खिलाफ “आंख में आंख डालकर” लड़ाई लड़ेंगे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि संगठनात्मक स्तर पर किए जा रहे ये बदलाव आगामी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा हैं। अभिक कुमार मंडल के नेतृत्व में युवा मोर्चा को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। वही पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का विश्वास है कि उनके नेतृत्व में आसनसोल जिला भाजपा युवा मोर्चा और अधिक सशक्त होगा तथा क्षेत्र की राजनीति में प्रभावशाली भूमिका और मजबूत होगी।
