आसनसोल के गोपालपुर में भाजपा के जनसंपर्क अभियान के दौरान तनाव, तृणमूल कर्मियों पर धमकी देने का आरोप

आसनसोल। आसनसोल उत्तर विधानसभा के गोपालपुर इलाके में भाजपा के जनसंपर्क अभियान के दौरान तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। भाजपा का आरोप है कि जनसंपर्क कार्यक्रम में जुटे पार्टी कार्यकर्ताओं को तृणमूल कर्मियों ने धमकी देकर वहां से भगा दिया। वही घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा नेता कृष्णा प्रसाद मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना राज्य के मंत्री और तृणमूल विधायक मलय घटक के इशारे पर कराई गई है। उन्होंने कहा कि तृणमूल चाहे भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे मामले दर्ज कराए, उन्हें जेल भिजवाए, मारपीट करे या रैली-सभा करने से रोके, भाजपा पीछे हटने वाली नहीं है।
कृष्णा प्रसाद ने कहा कि भाजपा डोर-टू-डोर अभियान के माध्यम से लोगों तक पहुंचेगी, उनकी समस्याएं सुनेगी और समाधान का प्रयास करेगी। उन्होंने बताया कि गोपालपुर में प्रस्तावित जनसंपर्क कार्यक्रम के लिए लगभग 25 भाजपा कार्यकर्ता एकत्र हुए थे, लेकिन तृणमूल कर्मियों ने उन्हें यह कहकर धमकाया कि इलाके में भाजपा का कार्यक्रम नहीं होने दिया जाएगा और इसमें शामिल होने वालों को परिणाम भुगतने होंगे।
भाजपा के अनुसार, धमकी के बाद लगभग 20 कार्यकर्ता वहां से चले गए, जबकि पांच कार्यकर्ता डटे रहे। बाद में कृष्णा प्रसाद के पहुंचने पर जनसंपर्क अभियान शुरू किया गया और कार्यक्रम संपन्न किया गया। इस दौरान भाजपा नेता ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भाजपा के किसी भी कार्यक्रम में बाधा डाली गई तो पार्टी चक्का जाम और उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि तृणमूल को भाजपा को उकसाने के बजाय शांति बनाए रखनी चाहिए और दोनों दलों को अपने-अपने कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से करने देना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *