जामुड़िया के कुनुस्तोड़िया ग्वाला पाड़ा मे सड़क निर्माण का शुभारंभ, पथश्री योजना तहत छठ घाट तालाब तक बनेगी नई सड़क

जामुड़िया। जामुड़िया विधानसभा के अंतर्गत जामुड़िया पंचायत समिति की तहत तपसी ग्राम पंचायत क्षेत्र के कुनुस्तोड़िया कोलियरी स्थित ग्वाला पाड़ा में पथश्री योजना के तहत नए सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। लंबे समय से जर्जर और कच्ची सड़क की समस्या झेल रहे स्थानीय लोगों को अब पक्की सड़क की सौगात मिलने जा रही है। यह सड़क कुनुस्तोड़िया कोलियरी के ग्वाला पाड़ा से छठ घाट पोखर तक बनाई जाएगी, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 9 लाख रुपये  है। तपसी ग्राम पंचायत की प्रधान बिणापानी बाउरी ने नारियल फोड़कर और भूमि पूजन कर इस सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। इस उद्घाटन के अवसर पर प्रधान बिणापानी बाउरी के अलावा तपसी अंचल सभापति सह पंचायत समिति जग्गन्नाथ सेठ, जामुड़िया ब्लॉक दो तृणमूल कांग्रेस श्रमिक अध्यक्ष राजू मुख़र्जी, शिसिर मंडल, ईद मोहम्मद,परवेज खान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इस दौरान जामुड़िया पंचायत समिति सदस्य जगन्नाथ सेठ ने कहा कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार ग्रामीण विकास और जनकल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है। उन्हीं योजनाओं में से एक महत्वपूर्ण योजना ‘पथश्री’ है, जिसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में कच्ची सड़कों को पक्की सड़कों में बदला जा रहा है। उन्होंने बताया कि पथश्री योजना लागू होने के बाद ग्रामीण अंचलों में बड़े पैमाने पर सड़क ढलाई का कार्य हुआ है, जिससे लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिली है। वही स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि ग्वाला पाड़ा से छठ घाट तालाब तक जाने वाली सड़क बरसात के दिनों में कीचड़ से भर जाती थी, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। छठ पूजा के समय भी श्रद्धालुओं को पोखर तक पहुंचने में कठिनाई होती थी। अब पक्की सड़क बनने से न केवल दैनिक आवागमन आसान होगा, बल्कि धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के दौरान भी सुविधा मिलेगी। वही इस मौके पर प्रधान बिणापानी बाउरी ने कहा कि पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है और जनता की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए.चरणबद्ध तरीके से समाधान किया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और निर्धारित समय सीमा के भीतर सड़क निर्माण पूरा कराया जाएगा। वही स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण की शुरुआत पर खुशी जताते हुए राज्य सरकार और पंचायत प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क के निर्माण से यहां आने जाने वाले लोगों को बहुत सुबिधा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *