
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के बहुचर्चित कोयला तस्करी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जांच प्रक्रिया को और तेज करते हुए पुलिस अधिकारी मनोरंजन मंडल तथा दुर्गापुर सेपको टाउनशिप के व्यवसायी प्रबीर दत्त को पुनः पूछताछ के लिए समन जारी किया है।
ED द्वारा जारी समन के अनुसार मनोरंजन मंडल को शुक्रवार को साल्टलेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। इससे पहले सोमवार को भी उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए थे, जिसके बाद एजेंसी ने दोबारा समन जारी किया।
जांच के दौरान मनोरंजन मंडल का नाम कथित रूप से कोयला तस्करी के बदले ‘प्रोटेक्शन मनी’ के बड़े वित्तीय लेन-देन से जुड़ा सामने आया है। हाल ही में उन्हें आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के बुदबुद थाना प्रभारी पद से हटाकर स्पेशल ब्रांच (SB) में स्थानांतरित किया गया है।
सूत्रों के अनुसार 3 फरवरी को उनके आवास पर की गई छापेमारी में जांच एजेंसी को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिनके आधार पर अब वित्तीय लेन-देन की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में व्यवसायी प्रबीर दत्त को भी पूछताछ के लिए तलब किया गया है।
ED अधिकारियों का कहना है कि कोयला तस्करी से जुड़े अवैध धन के नेटवर्क को उजागर करने के लिए गहन जांच जारी है तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित व्यक्तियों से आमने-सामने पूछताछ भी की जा सकती है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व ED इस मामले में चिन्मय मंडल एवं किरण खाँ को गिरफ्तार कर चुकी है, जो फिलहाल एजेंसी की रिमांड पर हैं। जांच एजेंसी का मानना है कि मामले की अंतिम कड़ियों को जोड़ने के लिए जांच निर्णायक चरण में प्रवेश कर चुकी है।
