भाजपा का दीवार लेखन मिटाने का आरोप, शुभेंदु अधिकारी का तृणमूल पर निशाना

हुगली, 13 फ़रवरी । पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दक्षिण कोलकाता जिले के अंतर्गत बेहाला पूर्व विधानसभा क्षेत्र के 122 नंबर वार्ड में भारतीय जनता पार्टी के दीवार लिखन को योजनाबद्ध तरीके से मिटाया गया।

शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि 156 और 157 नंबर बूथों में भाजपा की कम से कम 10 दीवार लेखन को मिटाया गया है। उन्होंने इसे तृणमूल कांग्रेस की “कायरता” करार देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक देश में इस तरह से विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश बेहद निंदनीय और शर्मनाक है।

उन्होंने अपने संदेश में स्पष्ट शब्दों में कहा कि दीवार लेखन मिटाकर जनता के मन से भारतीय जनता पार्टी को नहीं हटाया जा सकता। भाजपा के आदर्श और विचार जनता के दिल से मिटाए नहीं जा सकते। जनता का समर्थन और प्रेम ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।

शुभेंदु अधिकारी ने आगे कहा कि हर अन्याय का जवाब जनता देगी—सड़कों पर, और लोकतांत्रिक तरीके से अपने मताधिकार का प्रयोग करके। साथ ही उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल की धरती पर “आतंक की राजनीति” को ज्यादा दिनों तक चलने नहीं दिया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *