
रानीगंज। रानीगंज बोरो दो के अंतर्गत वार्ड संख्या 36 के स्टेडियम गली क्षेत्र में सोमवार को राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘आमार पाड़ा आमार समाधान’ के तहत निकासी नाले के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। लंबे समय से जलजमाव की समस्या से जूझ रहे स्थानीय निवासियों के लिए यह परियोजना राहत की उम्मीद लेकर आई है। इस निर्माण कार्य का उद्घाटन आसनसोल नगर निगम के एमएमआईसी सह वार्ड पार्षद दिव्येंदु भगत ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्टेडियम गली सहित आसपास के इलाकों में बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले लेती थी, जिससे लोगों को आवागमन और स्वच्छता संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। नाले के निर्माण से जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ होगी और क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना पर कुल 1 लाख 18 हजार रुपये की लागत आएगी और इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पार्षद ने यह भी कहा कि राज्य सरकार की ‘आमार पाड़ा आमार समाधान’ योजना का उद्देश्य वार्ड स्तर पर छोटी-बड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान कर स्थानीय विकास को गति देना है। वही इस निर्माण कार्य का शुभारंभ
नारियल फोड़कर करके किया गया। इस मौके पर पिंटू चंद्र, पुरनेन्दु बनर्जी, सनत मुखर्जी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे। स्थानीय निवासियों ने इस पहल के लिए नगर निगम और पार्षद का आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण होगा और क्षेत्र को स्थायी रूप से जलजमाव की समस्या से निजात मिलेगी।
