
जामुड़िया। भारतीय जनता युवा मोर्चा जामुड़िया मंडल 3 की ओर से सोमवार को जामुड़िया के मंडलपुर बड़ तल्ला के समीप “चाकरी चाय बंगला” (बंगाल को नौकरी चाहिए) कार्यक्रम के तहत एक शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर के माध्यम से भाजपा समर्थकों ने राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार से बेरोजगार युवाओं को स्थायी रोजगार उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा के जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता को उनका वाजिब हक देने के बजाय भत्ता जैसे “लॉलीपॉप” देकर बहलाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बजाय लखी भंडार जैसी लोक-लुभावन योजनाओं के जरिए लोगों को भ्रमित किया जा रहा है। संतोष सिंह ने कहा कि एक समय था जब पश्चिम बंगाल में रोजगार के लिए अन्य राज्यों से लोग आते थे, लेकिन वर्तमान में स्थिति इसके विपरीत हो गई है। अब राज्य के युवाओं को रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर पलायन करना पड़ रहा है, जो राज्य सरकार की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि युवाओं को भत्ता नहीं, बल्कि सम्मानजनक रोजगार की आवश्यकता है और राज्य सरकार को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए। इस अवसर पर भाजपा जामुड़िया मंडल 3 के अध्यक्ष दीप बनर्जी, भारतीय जनता युवा मोर्चा के आसनसोल जिला महासचिव अनिरुद्ध चक्रवर्ती, जामुड़िया विधानसभा संयोजक मिथुन बाउरी, जिला सदस्य मलय चक्रवर्ती, माधव बाउरी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
