SIR मुद्दे पर मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलेंगी ममता बनर्जी, 1 फरवरी को दिल्ली रवाना होंगी

2 फरवरी को सीईसी ज्ञानेश कुमार से तय है मुलाकात, अभिषेक बनर्जी भी रहेंगे साथ

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े मुद्दे पर चर्चा के लिए एक फरवरी को दिल्ली का दौरा करेंगी। तृणमूल कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, दो फरवरी को वह मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार से मुलाकात करेंगी। इस दौरान तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद अभिषेक बनर्जी भी उनके साथ मौजूद रहेंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त ने ममता बनर्जी को दो फरवरी की शाम चार बजे दिल्ली में मिलने का समय दिया है। मुख्यमंत्री को अधिकतम 15 सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल के साथ मुलाकात की अनुमति दी गई है। ममता ने राज्य में चल रही SIR प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग से समय मांगा था। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री के साथ SIR से प्रभावित कुछ लोग भी दिल्ली जाएंगे और ममता बनर्जी उन्हें भी मुलाकात के दौरान साथ ले जा सकती हैं। सूत्रों का यह भी कहना है कि दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री कई विपक्षी दलों के नेताओं से भी मुलाकात कर सकती हैं। इस समय संसद का बजट सत्र भी चल रहा है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले ममता बनर्जी को हुगली जिले के सिंगुर में रैली के बाद बुधवार को दिल्ली जाना था, लेकिन महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की विमान दुर्घटना में मृत्यु की घटना के बाद उन्होंने अपना दौरा कुछ दिनों के लिए टाल दिया था।
SIR प्रक्रिया के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर मुद्दा उठाने की तैयारी बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले शुरू की गई SIR प्रक्रिया के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है। पार्टी नेताओं के अनुसार, ममता बनर्जी का यह दिल्ली दौरा SIR के खिलाफ चल रही लड़ाई को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की दिशा में अहम कदम है। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में SIR प्रक्रिया चार नवंबर से शुरू हुई थी। उसी दिन ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी ने कोलकाता में इसके विरोध में सड़क मार्च किया था। मार्च के बाद आयोजित रैली में दोनों नेताओं ने चेतावनी दी थी कि यदि किसी वैध मतदाता का नाम सूची से हटाया गया, तो तृणमूल कांग्रेस इस मुद्दे को दिल्ली तक ले जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *