
आसनसोल। आसनसोल के हीरापुर थाना अंतर्गत यात्री क्लब के पास एक मामूली घटना ने उग्र रूप ले लिया। टोटो से पानी के छींटे पड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट, क्लब में तोड़फोड़, घरों पर पथराव तक पहुंच गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच जारी है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि एक महिला अपने बच्चे को गोद में लेकर टोटो से कहीं जा रही थी। इसी दौरान टोटो के चक्के से रास्ते का पानी छिटककर किसी व्यक्ति पर पड़ गया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि यात्री क्लब से जुड़े लोगों ने टोटो चालक के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची महिला और उसके बच्चे को भी चोटें आईं। घायल बच्चा फिलहाल अस्पताल में भर्ती है। इसके बाद आरोप है कि गांव के लोग मौके पर पहुंचे और यात्री क्लब में तोड़फोड़ की। क्लब के पीछे स्थित एक घर में भी तोड़फोड़ की गई और पत्थरबाजी किए जाने का भी आरोप लगा है। वही सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को किसी तरह नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने में बुलाया। शाम तक पुलिस थाने में इंतजार करती रही, लेकिन इसके बाद एक बार फिर गांव के लोग क्लब के पास पहुंचे और दोबारा तोड़फोड़ शुरू कर दी, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। चार आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
