श्री शाकंभरी महोत्सव में झूमे श्रोता

कोलकाता, 5 जनवरी (शंकर जालान)। श्री शाकंभरी सेवा समिति (गणेश गढ़) का तीन दिवसीय 43वां महोत्सव रविवार देर शाम धूमधाम से संपन्न हो गया। महोत्सव के आखिरी दिन आलौकिक श्रृंगार, छप्पन भोग और अखंड ज्योति के समक्ष निर्मल दूबे, अनिल शर्मा, रोहित लखोटिया, शरद हरितवाल और बृजेंद्र मूंधड़ा समेत कई गायकों द्वारा प्रस्तुत किए गए कर्णप्रिय भजन सुन श्रोतागण झूम उठे। तत्पश्चात पायल अग्रवाल की अगुवाई में दर्जनों शाकंभरी भक्तों से सस्वर मंगलपाठ किया।‌ इससे‌ पहले रमेश लखोटिया ने‌ विविधत शाकंभरी पूजन और कन्या पूजन कर ज्योत की। तत्पश्चात अन्य सेवकों ने व्यवस्थित तरीके से ज्योत ली और महोत्सव की गरिमा का कायम रखा। इस मौके पर विधायक विवेक गुप्ता, पूर्व विधायक संजय बक्सी व‌ स्मिता बक्सी, पार्षद मीना पुरोहित, रीता चौधरी, विजय ओझा व विजय उपाध्याय समेत कई जाने-माने लोगों ने महोत्सव में शिरकत की। समिति के आधार स्तंभ रहे‌ कमल लखोटिया की स्मृति में एक मिनट का मौन रखा गया और दिवंगत आत्मा को श्रृद्धांजलि व पुष्पांजली अर्पित की गई। महाआरती व खुले भंडारे के साथ भव्य कार्यक्रम को विराम दिया गया। इससे पहले महोत्सव के दूसरे दिन यानी शनिवार को रवींद्र सरणी स्थित में शाकंभरी मंदिर में पाठ समेत कई तरह के धार्मिक आयोजन किए गए। महोत्सव की शुरुआत शुक्रवार को शाकंभरी की शोभायात्रा से हुई थी। सेवा समिति की तरफ से यह जानकारी दी‌ गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *